
टैक्स बकायेदारों पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 12 संपत्तियां सील… मौके पर वसूले 7.59 लाख
नगर निगम सख्त: बरेली में 12 संपत्तियों पर सीलिंग, कार्रवाई के दौरान 7.59 लाख की वसूली
बकाया टैक्स नहीं चुकाया तो सील हुई संपत्तियां, निगम की कार्रवाई से मचा हड़कंप
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। संपत्ति कर बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को शहर के कई इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में 12 संपत्तियों को सील कर दिया। वहीं कार्रवाई के दौरान कई बकायेदारों ने तुरंत भुगतान करते हुए 7.59 लाख रुपये का बकाया कर जमा कराया। निगम की इस कार्रवाई से बकाया कर न चुकाने वाले संपत्ति मालिकों में हड़कंप मच गया।
तीन जोनों में चला अभियान
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पी.के. द्विवेदी के निर्देश पर निगम की टैक्स टीम ने जोन-1, जोन-2 और जोन-3 में विशेष अभियान चलाया। जांच के दौरान ऐसे भवनों को चिन्हित किया गया, जिन पर लंबे समय से संपत्ति कर बकाया था और नोटिस जारी होने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया था।
कार्रवाई के तहत जोन-1 में तीन, जोन-2 में पांच और जोन-3 में चार संपत्तियों को सील किया गया। सीलिंग की कार्रवाई शुरू होते ही कई संपत्ति स्वामियों ने मौके पर ही अपना बकाया कर जमा कर दिया।
निगम ने दी सख्त चेतावनी
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने कुल 7.59 लाख रुपये की वसूली की। निगम अधिकारियों का कहना है कि बकाया कर वसूलने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बड़े बकायेदारों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने संपत्ति स्वामियों से अपील की है कि जिन पर कर बकाया है, वे जल्द से जल्द भुगतान कर दें। अन्यथा उनके खिलाफ सीलिंग, कुर्की और अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी।