होली से पहले बड़ी कार्रवाई: लखनऊ में 112 किलो एक्सपायर्ड मिठाई बरामद, मशहूर ब्रांड हल्दीराम के वेयरहाउस पर छापा

Spread the love

 

होली से पहले बड़ी कार्रवाई: लखनऊ में 112 किलो एक्सपायर्ड मिठाई बरामद, मशहूर ब्रांड हल्दीराम के वेयरहाउस पर छापा

सोनपापड़ी और राजभोग मौके पर नष्ट, 10 हजार किलो से ज्यादा मसाले-खोया भी सीज

रिपोर्ट : लखनऊ ब्यूरो 

लखनऊ। होली से ठीक पहले राजधानी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। जांच के दौरान फैजुल्लागंज क्षेत्र स्थित एक वेयरहाउस में रखी करीब 112 किलो मिठाइयां एक्सपायर्ड पाई गईं। टीम ने मौके पर ही सोनपापड़ी और राजभोग को नष्ट कर दिया, जिससे त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं तक खराब उत्पाद पहुंचने से रोका जा सके।

अधिकारियों के अनुसार छापेमारी के दौरान असॉर्टेड पेड़ा, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, पेठा और गुजिया के नमूने भी सील कर लैब परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शहरभर में चला सघन अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में कुल 10,415 किलो मसाले और खोया भी सीज किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 55.91 लाख रुपये बताई गई है।

इसके अलावा ऐशबाग स्थित एक कोल्ड स्टोरेज से 8,499 किलो काली मिर्च और 378 किलो खोया भी जब्त किया गया। संदेहास्पद खाद्य पदार्थों के 15 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

त्योहार से पहले सख्ती का संदेश

अधिकारियों का कहना है कि होली जैसे बड़े त्योहारों पर मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटखोरी और एक्सपायर्ड सामान की बिक्री रोकने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

विभाग ने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि मिठाई खरीदते समय निर्माण तिथि और एक्सपायरी अवश्य जांचे!

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta