
होली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, बरेली में पांच जगह छापे
बेसन, लड्डू, घी, पनीर और दही के नमूने भरे; जांच रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। आगामी होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को जनपद में व्यापक अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी बरेली के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी/सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय के नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
टीम ने सीबीगंज स्थित अश्र किरणा स्टोर से बेसन, सिविल लाइंस के किप्स स्वीट्स से लड्डू, नैनीताल रोड भोजीपुरा के अश्र किरणा स्टोर से अमूल प्योर घी, स्टेशन रोड स्थित गुप्ता जी डेयरी प्रोडक्ट (स्वर्ण टावर होटल के सामने) से पनीर तथा नवेल्टी चौराहा स्थित दीनानाथ एंड संस से दही का नमूना लिया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक, उत्तर प्रदेश को भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में जीआईसी ऑडिटोरियम में विभाग की ओर से स्टॉल लगाकर खाद्य कारोबारियों को पंजीकरण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। पांच लाभार्थियों को सम्मानित अतिथियों द्वारा पंजीकरण प्रदान किया गया। साथ ही खाद्य कारोबार के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और विभागीय प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
निरीक्षण के दौरान जिला जज ने विभागीय कार्यों को जनहितकारी और महत्वपूर्ण बताते हुए सराहना की।
जिलाधिकारी ने आमजन को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए हैं।