
खुशियों में चली गोली, मासूम की सांसों पर संकट, विडिओ हुआ वायरल, देखें विडिओ…….
हर्ष फायरिंग का कहर: शादी की धुन बनी मातम की गूंज
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बुलंदशहर। खुशियों से सजी एक शादी की रात अचानक खौफनाक मंजर में बदल गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज, नाचते-गाते मेहमान और जगमग रोशनी के बीच किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में जश्न मातम में बदल जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक, शादी समारोह पूरे शबाब पर था। इसी दौरान एक नाबालिग ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर हर्ष फायरिंग कर दी। पहले तो लोगों ने इसे शोर-शराबे का हिस्सा समझा, लेकिन अगले ही पल चीख-पुकार मच गई।
गोली पास की छत पर खड़े होकर शादी का कार्यक्रम देख रहे रियांश के जबड़े में जा लगी। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और मेहमान आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर रखा है और वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि पिस्टल कहां से आई और समारोह में हथियार कैसे पहुंचा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी-ब्याह में हर्ष फायरिंग की कुप्रथा लगातार जानलेवा साबित हो रही है, लेकिन इसके बावजूद लोग सबक नहीं ले रहे।
अब सवाल यह है कि आखिर खुशियों के नाम पर कब तक गोलियां चलती रहेंगी और मासूमों की जिंदगी दांव पर लगती रहेगी?
फिलहाल, पूरे इलाके की दुआएं रियांश के साथ हैं।
👆देखें वायरल हुआ विडिओ👆