सुपीरियर इंडस्ट्रीज पर आयकर का शिकंजा, 2003 तक के खातों की खंगाल शुरू

Spread the love

 

सुपीरियर इंडस्ट्रीज पर आयकर का शिकंजा, 2003 तक के खातों की खंगाल शुरू

दिनेश मिश्रा-अमित महर्षि रडार पर, बैंक खाते और संपत्तियों की जांच तेज, दामाद की भी संपत्ति आयी राडार पर 

दिल्ली हेड ऑफिस तक पहुंची जांच, अधूरे दस्तावेजों से बढ़ी हेरफेर की आशंका

आयकर की चौथे दिन भी सख्ती, फैक्ट्री गेट पर पीएसी तैनात, उत्पादन प्रभावित

2003 तक के रिकॉर्ड तलब, सुपीरियर इंडस्ट्रीज में आयकर की कार्रवाई चौथे दिन भी चली

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। रामपुर रोड स्थित सुपीरियर इंडस्ट्रीज में आयकर विभाग की कार्रवाई चौथे दिन भी जारी रही। जांच का दायरा अब मालिक के अलावा फैक्ट्री संचालन से जुड़े प्रमुख अधिकारियों तक पहुंच गया है। एचआर मैनेजर दिनेश मिश्रा और डायरेक्टर अमित महर्षि से जुड़े बैंक खातों, निवेश और संपत्तियों की गहन पड़ताल की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, फैक्ट्री की स्थापना के समय से लेकर अब तक लिए गए प्रशासनिक और वित्तीय निर्णयों में इन दोनों की अहम भूमिका रही है। इसी आधार पर आयकर टीम ने इनके वित्तीय नेटवर्क और बैंकिंग लेनदेन की जांच तेज कर दी है।

नोटिस के बाद देर रात पूछताछ

आयकर टीम ने एचआर मैनेजर दिनेश मिश्रा को पूछताछ के लिए तलब किया था। निर्धारित समय पर उपस्थित न होने पर सीबीगंज पुलिस के माध्यम से नोटिस भिजवाया गया। देर रात वह जांच टीम के सामने पेश हुए, जहां उनसे लंबी पूछताछ की गई।

सूत्रों का कहना है कि वर्ष 2003 से अब तक की नियुक्तियों, वेतन भुगतान, आंतरिक स्वीकृतियों और वित्तीय प्रक्रियाओं से जुड़े सवाल पूछे गए।

2003 तक के दस्तावेजों की मांग, अधूरे रिकॉर्ड से बढ़ी शंका

आयकर विभाग ने प्रबंधन से वर्ष 2003 तक के विस्तृत वित्तीय और उत्पादन संबंधी रिकॉर्ड मांगे हैं। हालांकि, सभी दस्तावेज उपलब्ध न करा पाने से जांच एजेंसियों की आशंका गहरा गई है।

करोड़ों रुपये के संभावित हेरफेर की संभावना को देखते हुए पुराने खातों, नकद लेनदेन और शेल कंपनियों से जुड़े कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

मोबाइल जब्त, बैंक ट्रांजैक्शन खंगाले जा रहे

जांच के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल फोन, कंप्यूटर और लैपटॉप पहले ही जब्त किए जा चुके हैं। डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, दिनेश मिश्रा और अमित महर्षि से जुड़े विभिन्न बैंकों के खातों की स्टेटमेंट तलब की गई हैं। निवेश, अचल संपत्ति और अन्य परिसंपत्तियों का ब्योरा भी जुटाया जा रहा है।

दिल्ली हेड ऑफिस भी जांच के दायरे में

आयकर विभाग की नजर अब कंपनी के दिल्ली स्थित हेड ऑफिस और अन्य प्रतिष्ठानों पर भी है। इंटर-ऑफिस ट्रांसफर, ब्रांडिंग से जुड़ी कंपनियों के खाते और वित्तीय लेनदेन का डेटा एकत्र किया जा रहा है।

संकेत हैं कि जांच का दायरा बरेली तक सीमित नहीं रहेगा।

फैक्ट्री गेट पर पीएसी तैनात, उत्पादन प्रभावित

कार्रवाई के बीच फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गेट पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात है। अधिकारियों की आवाजाही नियंत्रित कर दी गई है।

छापेमारी के बाद उत्पादन पर भी असर पड़ा है। अंग्रेजी शराब की दो लाइनों में से केवल एक ही चालू रही, जबकि देशी शराब की नौों लाइनें बंद कर दी गईं। शुक्रवार रात उत्पादन पूरी तरह रोक दिया गया। कर्मचारियों में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

मंगलवार शाम दिल्ली से आई आयकर टीम द्वारा की गई कार्रवाई के बाद से फैक्ट्री में लगातार जांच जारी है। आने वाले दिनों में और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

“डायरेक्टर” : “अमित मेहर्षि”

HR मैनेजर : दिनेश मिश्रा 

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta