
शांति व्यवस्था में खलल डालने की आशंका, युवक दबोचा
तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद, न्यायालय में पेशी की तैयारी
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को अवैध असलाह और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 19 फरवरी को उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह, कांस्टेबल दीपक कुमार और सत्यवान सिंह क्षेत्र में शांति व्यवस्था के मद्देनजर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम इटोरिया स्थित मंदिर के पास एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और 12 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान गजेन्द्र पुत्र मोरपाल, निवासी नगरिया कला के रूप में हुई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने तमंचा अपनी सुरक्षा के लिए बरेली मेले में किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था। हालांकि पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।