
रमज़ान में रहमत की पहल: अस्पतालों के तीमारदारों तक पहुंचेगी ‘आरएसी सहरी सर्विस’
अदनान रज़ा क़ादरी का ऐलान, बोले– रोज़ेदारों को सहरी में नहीं होगी कोई दिक्कत
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। रमज़ान शरीफ़ के मुबारक महीने में रोज़ेदारों की सहूलियत के लिए एक सराहनीय कदम उठाया गया है। ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी और आरएसी ट्रस्ट ने मिलकर ‘आरएसी सहरी सर्विस’ की शुरुआत की है। इस सेवा के तहत शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती मरीजों के साथ ठहरे तीमारदारों को सहरी के पैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
कमेटी के वॉलंटियर देर रात अस्पतालों में पहुंचकर रोज़ा रखने वाले तीमारदारों तक सहरी का पैकेट पहुंचाएंगे, ताकि उन्हें सेहरी के समय किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। अक्सर देखा जाता है कि अस्पतालों में अपने परिजनों के साथ रह रहे लोग सहरी के वक्त खाने-पीने की व्यवस्था न होने के कारण परेशान हो जाते हैं। कई लोग तो मजबूरी में सिर्फ पानी पीकर ही रोज़ा रख लेते हैं।
कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नबीरा-ए-आला हज़रत मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी ने बताया कि रोज़ेदारों की इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए यह सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि रमज़ान का महीना हमदर्दी और खिदमत का पैगाम देता है, ऐसे में बीमारों के साथ मौजूद लोगों का ख्याल रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने शहर के अस्पताल प्रशासन से भी अपील की कि इस नेक पहल को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग दें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहरी पहुंचाई जा सके।
रमज़ान के इस पाक महीने में शुरू की गई ‘आरएसी सहरी सर्विस’ को सामाजिक सौहार्द और इंसानियत की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।