
रामायण पाठ के बाद बकाया रकम को लेकर विवाद, मारपीट व धमकी का आरोप
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
सिरौली। थाना क्षेत्र के ग्राम संग्रामपुर निवासी फूल सिंह पुत्र साधु राम ने मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
फूल सिंह के अनुसार उन्होंने गांव में रामायण पाठ और प्रसाद वितरण का आयोजन कराया था। कार्यक्रम के बाद करीब छह हजार रुपये की धनराशि बकाया रह गई थी। इसी सिलसिले में उन्होंने कुछ रकम गांव निवासी तस्लीम पुत्र जमील को दी थी। आरोप है कि निर्धारित तिथि की शाम करीब साढ़े पांच बजे तस्लीम का फोन आया और शेष रकम लेने के लिए बुलाया गया।
पीड़ित का कहना है कि जब वह बकाया राशि के संबंध में संबंधित स्थान पर पहुंचे तो वहां मौजूद तस्लीम, उसके भतीजे और परिवार के अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर धक्का-मुक्की की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने जान से मारने के प्रयास का भी आरोप लगाया है।
घटना के बाद से फूल सिंह और उनका परिवार भयभीत है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
थाना सिरौली पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।