कटरा चाँद खां का सीवर का खुला गड्ढा बना हादसे की आहट, वार्ड 11 में उबल रहा आक्रोश

Spread the love

 

कटरा चाँद खां का सीवर का खुला गड्ढा बना हादसे की आहट, वार्ड 11 में उबल रहा आक्रोश

सीवर का मौत बनता गड्ढा: वार्ड 11 में हर दिन दहशत, नगर निगम बेखबर

पीने के पानी में सीवर का जहर? कटरा चाँद खां के लोग बोले—अब चक्का जाम करेंगे

होली से पहले बड़ा खतरा: खुले गड्ढे से हादसे की आशंका, बच्चे हो रहे घायल

शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं, बरेली नगर निगम पर फूटा लोगों का गुस्सा 

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। शहर के पुराने इलाके कटरा चाँद खां में वार्ड नंबर 11 के अंतर्गत आने वाली एक संकरी गली इन दिनों खतरे का पर्याय बन चुकी है। सीवर लाइन डालने के लिए करीब एक महीने पहले खोदा गया गड्ढा आज तक जस का तस खुला पड़ा है। यह गड्ढा न केवल राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है, बल्कि मोहल्ले के लोगों के मुताबिक अब यह किसी बड़े हादसे को दावत दे रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद बरेली नगर निगम मौन साधे बैठा है। गली में रहने वाले बच्चों के आए दिन चोटिल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। शाम ढलते ही यह गड्ढा और भी खतरनाक हो जाता है, क्योंकि वहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड है और न ही पर्याप्त बैरिकेडिंग।

पीने के पानी में सीवर मिलने की शिकायत

मोहल्ले के निवासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि कई घरों में पीने के पानी में सीवर का पानी मिलकर आने की शिकायत भी की गई है। वार्ड 11 के निवासी हरि किशोर मौर्य का कहना है कि एक महीने से समस्या जस की तस बनी हुई है। कई बार स्थानीय पार्षद और नगर निगम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

लोगों का कहना है कि यदि सीवर का गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है तो इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। होली का पवित्र त्योहार नजदीक है और ऐसे में गली-मोहल्ले के लोग संक्रमण और हादसे की आशंका से चिंतित और आक्रोशित हैं।

‘क्या नगर निगम किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?’

स्थनीय लोगों ने सवाल उठाया कि क्या नगर निगम किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? उनका कहना है कि अगर समय रहते गड्ढे की मरम्मत और सीवर लाइन का कार्य पूरा नहीं किया गया तो वे लोग सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।

मोहल्ले के लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान न होने पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में डर और गुस्से का माहौल है। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिम्मेदार विभाग नगर निगम कब तक जागता है या फिर कोई अनहोनी होने के बाद ही कार्रवाई करेगा!

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta