कान्हा उपवन में गौमृत्यु का आरोप, गो रक्षा परिषद का जोरदार प्रदर्शन

Spread the love

 

कान्हा उपवन में गौमृत्यु का आरोप, गो रक्षा परिषद का जोरदार प्रदर्शन

गेट पर धरना देकर की उच्चस्तरीय जांच की मांग, पुलिस बल तैनात

नगर निगम की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, महापौर से की फोन पर शिकायत

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। सीबीगंज क्षेत्र स्थित कान्हा उपवन गोशाला में गायों की मौत को लेकर शनिवार को माहौल गरमा गया। अखिल भारतीय गो रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने गोशाला प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया। संगठन का दावा है कि गोशाला में चारे की कमी के कारण कई गायों की मृत्यु हुई है। इस आरोप के बाद कार्यकर्ता गोशाला के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए।

परिषद के अध्यक्ष हेमंत गंगवार के अनुसार, दोपहर में कार्यकर्ता गोशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे थे, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षा कर्मी ने बिना लिखित आदेश के अंदर प्रवेश देने से इनकार कर दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यदि व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं तो निरीक्षण से रोका क्यों जा रहा है। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित कार्यकर्ता गेट के बाहर ही बैठ गए और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, हालात पर नजर

घटना की सूचना मिलते ही सीओ द्वितीय के नेतृत्व में सीबीगंज और फतेहगंज क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

कार्यकर्ताओं ने बरेली के महापौर उमेश गौतम से फोन पर वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। साथ ही नगर आयुक्त को तत्काल मौके पर बुलाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग पर अड़े रहे।

जांच की मांग, नगर निगम पर उठे सवाल

गो रक्षा परिषद का आरोप है कि यदि गोशाला में चारा और चिकित्सा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है तो यह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही है। संगठन ने चेतावनी दी कि गोसेवा के नाम पर किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।

हालांकि नगर निगम की ओर से देर शाम तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। उधर, इस प्रकरण को लेकर शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta