डेढ़ साल बाद खुला राज: किशोरी की हत्या का खुलासा, 2017 की वारदात से जुड़ा दोहरा हत्याकांड

Spread the love

 

डेढ़ साल बाद खुला राज: किशोरी की हत्या का खुलासा, 2017 की वारदात से जुड़ा दोहरा हत्याकांड

पॉलीग्राफ नोटिस से घबराए आरोपी, भागने से पहले दबोचे गए; दो हत्याओं का सनसनीखेज खुलासा

खेत से मिले अवशेषों ने खोला राज, किशोरी हत्याकांड में दो गिरफ्तार

प्रेम संबंध बना मौत की वजह? पत्नी और किशोरी की हत्या का आरोप

सर्विलांस और डीएनए जांच से सुलझी गुत्थी, डेढ़ साल पुराना मामला निकला दोहरा हत्याकांड

रिपोर्ट: सौरभ गुप्ता

बरेली। थाना क्योलड़िया पुलिस ने डेढ़ साल पहले लापता हुई नाबालिग किशोरी के मामले में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने किशोरी की हत्या के आरोप में सलीम हुसैन और उसके साथी आसिम उर्फ अमित उर्फ ‘डॉ. बंगाली’ को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान वर्ष 2017 में एक महिला की हत्या का मामला भी सामने आया है, जिसे लेकर दोनों आरोपियों पर संलिप्तता का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम सतवन पट्टी निवासी अजीज अहमद ने 8 जनवरी 2025 को अपनी 16 वर्षीय बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान सितंबर 2025 में कैलाश नदी के किनारे गन्ने के खेत से बालों की चोटी, कपड़े और कुछ हड्डियां बरामद हुईं। डीएनए जांच में पुष्टि हुई कि ये अवशेष लापता किशोरी के ही हैं।

तकनीकी साक्ष्यों से खुली परतें

मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच में गांव के ही सलीम हुसैन की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस पूछताछ में उसने कथित तौर पर कबूल किया कि उसने किशोरी को खेत में बुलाकर गला दबाकर हत्या की और उसका मोबाइल नदी में फेंक दिया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सलीम भौआ बाजार स्थित एक क्लीनिक में आसिम उर्फ ‘डॉ. बंगाली’ के साथ काम करता था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आसिम ने वर्ष 2017 में अपनी पत्नी रजनी की हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की। आरोप है कि घरेलू विवाद के चलते दोनों ने मिलकर महिला की गला दबाकर हत्या की और शव को दफना दिया।

पॉलीग्राफ टेस्ट से पहले भागने की फिराक में थे आरोपी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों को पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद वे पश्चिम बंगाल भागने की तैयारी में थे। 11 फरवरी को पुलिस टीम ने भौआ बाजार के आगे बौरिया कट के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

आपराधिक इतिहास भी खंगाला गया

पुलिस के अनुसार, सलीम हुसैन पर लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। वहीं, आसिम उर्फ ‘डॉ. बंगाली’ पर अपहरण, पॉक्सो और पत्नी की हत्या से जुड़े मामलों में पहले भी नाम सामने आ चुका है।

एसपी दक्षिणी मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि सर्विलांस, साइबर सेल और एसओजी की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब दोनों मामलों में अन्य साक्ष्यों को मजबूत करने में जुटी है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta