
बरेली में ट्रैफिक व्यवस्था को मिलेगी रफ्तार, जिले का पहला ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर जारी
सैटेलाइट चौराहे पर चला जन-जागरूकता अभियान, 500 वाहनों पर लगाए गए हेल्पलाइन स्टीकर
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। उत्तर प्रदेश ट्रांसपोर्ट यूनियन द्वारा यातायात विभाग एवं परिवहन विभाग के सहयोग से शनिवार को सैटेलाइट चौराहे पर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बरेली जिले का पहला ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर विधिवत रूप से जारी किया गया। खास बात यह रही कि ट्रैफिक कंट्रोल रूम की स्थापना भी प्रदेश में केवल बरेली जिले में ही की गई है।
जन-जागरूकता अभियान के तहत शहर में चलने वाले टैम्पो, कार और अन्य वाहनों पर 500 स्टीकर लगाकर ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एआरटीओ वैभव सोती और ट्रैफिक सीओ हर्ष मोदी उपस्थित रहे।

ट्रांसपोर्ट यूनियन के संरक्षक विशाल मेहरोत्रा ने बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे पहले बरेली में ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब शहर में कहीं भी जाम की स्थिति होने पर आम नागरिक हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकते हैं, जिस पर ट्रैफिक विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने में मदद करेगी।
वहीं यूनियन अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला ने कहा कि इस हेल्पलाइन नंबर पर लोग ट्रैफिक से जुड़ी अपनी राय और सुझाव भी दे सकते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा। उन्होंने यातायात सुधार के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सभी ट्रांसपोर्टरों की ओर से आभार व्यक्त किया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में संरक्षक विशाल मेहरोत्रा, जिला अध्यक्ष राजकुमार राजपूत, महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष शोभित सक्सेना, रोहित सिंह, विशाल सिंह, तैय्या राजपूत, मनोज अरोरा, प्रभजीत सिंह, विष्णु शुक्ला, डॉ. प्रदीप सक्सेना, हेमंत, मनोज गुप्ता के साथ ट्रैफिक इंस्पेक्टर रंजीत सिंह, एसआई जितेंद्र सिंह, एसआई कपिल, एसआई मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर व ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौजूद रहे।