बजट सत्र से पहले विधान भवन में स्वास्थ्य शिविर, सीएम योगी ने किया शुभारंभ

Spread the love

बजट सत्र से पहले विधान भवन में स्वास्थ्य शिविर, सीएम योगी ने किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री बोले— स्वस्थ जीवनशैली हर नागरिक का मौलिक अधिकार

मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

रिपोर्ट : लख़नऊ ब्यूरो

लखनऊ, 9 फरवरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत से पहले विधान भवन परिसर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिविर का उद्घाटन करते हुए इसे जनप्रतिनिधियों के लिए एक उपयोगी पहल बताया। यह स्वास्थ्य शिविर विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा लगाया गया है, जिसमें केजीएमयू के विशेषज्ञ चिकित्सक स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं।

शिविर के उद्घाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष, दोनों उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है, क्योंकि उनकी कार्यशैली और दिनचर्या का असर समाज पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ दिनचर्या हर नागरिक का अधिकार होनी चाहिए और सरकार इस दिशा में पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सदस्यों से अपील की कि वे कार्यभार और राजनीतिक दबाव के बीच भी अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने से बीमारियां स्वतः दूर रहती हैं। उन्होंने कहा कि जब हर क्षेत्र का विशेषज्ञ अपने दायित्व के अनुसार सकारात्मक संदेश देता है—चाहे वह नेता हो, डॉक्टर हो या कोई अन्य—तो उसका प्रभाव सीधे आमजन तक पहुंचता है।

उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि सरकार जनप्रतिनिधियों के स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह सजग है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, राकेश सचान, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, बलदेव सिंह औलख, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, एसजीपीजीआई के निदेशक आरके धीमन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta