“बरेली में हिंदू चेतना का महासंग्राम: जय बाबा टिबरी नाथ सम्मेलन में गूंजा एकता और सनातन का शंखनाद”

Spread the love

 

“बरेली में हिंदू चेतना का महासंग्राम: जय बाबा टिबरी नाथ सम्मेलन में गूंजा एकता और सनातन का शंखनाद”

“हिंदू समाज को संगठित करने का बड़ा मंच: टिबरी नाथ सम्मेलन में जाति-भेद भूल एकजुट होने का आह्वान”

 रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेलीश्रीनाथ नगरी हिंदू सम्मेलन समिति, श्रीनाथपुरम बरेली के नेतृत्व में आयोजित जय बाबा टिबरी नाथ हिंदू सम्मेलन का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल रोड में अत्यंत भव्य और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिससे पूरे परिसर में धार्मिक ऊर्जा का संचार देखने को मिला।

सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे दिनेश चंद्र सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि आज हिंदू समाज को जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर एक मंच पर आना होगा। उन्होंने चिंता जताई कि नई पीढ़ी सनातन मूल्यों से दूर होती जा रही है, जिसे संस्कृति, संस्कार और संगठन के माध्यम से पुनः जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल गंगवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही अनिल कुमार एडवोकेट, वन मंत्री डॉ. अनिल कुमार, महामंडलेश्वर आचार्य संजीव कुमार गौड़ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक कृष्ण कुमार का समिति की ओर से सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुनीता शर्मा ने ‘पांच परिवर्तन’ विषय पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने की बात कही। गोविंद ने सज्जन शक्ति को समाज की रीढ़ बताते हुए युवाओं से सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

महामंडलेश्वर आचार्य संजीव कुमार गौड़ ने हिंदुत्व की व्यापक व्याख्या करते हुए हिंदू समाज को एक सूत्र में पिरोने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं आरएसएस के विभाग विचारक कृष्ण कुमार ने संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए सामाजिक संवाद, सहभोज और संपर्क को संगठन की मजबूती का आधार बताया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सम्मेलन को विशेष ऊंचाई प्रदान की। ब्रज लोक विद्या मंदिर के बच्चों द्वारा चारों युगों पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, राम भजनों का गायन, तलवार संचालन और स्वयंसेवकों द्वारा दंड योग का प्रदर्शन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम का संचालन इंद्रदेव त्रिवेदी एवं समिति के सचिव शिव ओम शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। समापन अवसर पर समाजसेवी अनिल कुमार एडवोकेट ने हिंदू एकता का संदेश देते हुए सभी को आशीर्वाद प्रदान किया। सम्मेलन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अनुराग अग्रवाल ने निभाई। कार्यक्रम के पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भोजन प्रसाद ग्रहण किया।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta