बरेली में बोले डॉ. महेन्द्र सिंह – इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और आत्मनिर्भरता को मिलेगी रफ्तार

Spread the love

 

बरेली में बोले डॉ. महेन्द्र सिंह – इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और आत्मनिर्भरता को मिलेगी रफ्तार

विकसित भारत की नींव बना बजट 2026-27, उत्तर प्रदेश बनेगा ग्रोथ इंजन

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। केंद्रीय बजट 2026-27 को उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक बताते हुए पूर्व जल शक्ति मंत्री, विधान परिषद सदस्य एवं मध्य प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि यह बजट प्रदेश को विकास की नई दिशा देने वाला है। सर्किट हाउस, बरेली में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पेश बजट “विकसित भारत” के संकल्प को जमीन पर उतारने वाला साबित होगा।

डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, कृषि और युवाओं को केंद्र में रखकर उत्तर प्रदेश को देश की ग्रोथ मशीन बनाने की स्पष्ट रूपरेखा दिखाई देती है। हाई-स्पीड रेल, रेलवे आधुनिकीकरण और कनेक्टिविटी विस्तार से लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा जैसे प्रमुख शहरों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स और फ्रेट कॉरिडोर पर विशेष निवेश से उत्तर प्रदेश को लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे पूर्वांचल, बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी में उद्योगों की लागत घटेगी और नए निवेश के रास्ते खुलेंगे।

डॉ. सिंह ने कहा कि ₹10,000 करोड़ के MSME ग्रोथ फंड से कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प, हैंडलूम, चमड़ा और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को नई ताकत मिलेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होंगे। वहीं ₹10,000 करोड़ की Biopharma SHAKTI योजना से उत्तर प्रदेश फार्मा और मेडिकल डिवाइस निर्माण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि बजट में पूर्वांचल और बुंदेलखंड जैसे पिछड़े क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी गई है। कृषि क्षेत्र में Bharat और VISTAAR AI प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को मौसम, फसल और बाजार से जुड़ी सटीक जानकारी मिलेगी, जिससे उनकी आय बढ़ेगी।

गंगा नदी पर नेशनल वॉटरवे-1 के अंतर्गत वाराणसी में इनलैंड वॉटरवे शिप रिपेयर इकोसिस्टम स्थापित होने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही कैंसर सहित 36 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क छूट से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनाए जाएंगे। वहीं 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में एनीमेशन, गेमिंग और VFX लैब स्थापित कर युवाओं को भविष्य की तकनीक के लिए तैयार किया जाएगा।

पर्यटन क्षेत्र में 10,000 टूर गाइडों के प्रशिक्षण से काशी, अयोध्या, मथुरा और प्रयागराज जैसे धार्मिक स्थलों पर रोजगार बढ़ेगा। इसके अलावा 200 पुराने औद्योगिक क्लस्टरों के आधुनिकीकरण और सिटी इकोनॉमिक रीजन के विकास से लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा और वाराणसी जैसे शहर स्टार्टअप और रोजगार के बड़े केंद्र बनेंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 उत्तर प्रदेश को देश के विकास का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta