
जौहरपुर में अवैध कॉलोनी पर BDA का बुलडोजर, निर्माण ध्वस्त कर की गई सीलिंग
बिना नक्शा स्वीकृति कॉलोनी विकसित करने पर कार्रवाई, जौहरपुर में अवैध निर्माण सील
जौहरपुर में अवैध प्लॉटिंग पर प्राधिकरण सख्त, पुलिस बल के साथ ध्वस्तीकरण
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए थाना सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम जौहरपुर में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई की है। प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को ध्वस्त कराते हुए अवैध निर्माणों को सील कर दिया।
प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार माखन लाल साहू द्वारा ग्राम जौहरपुर में करीब 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना किसी स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन किया गया था। इसके साथ ही बाउंड्रीवॉल समेत अन्य निर्माण कार्य कर कॉलोनी विकसित की जा रही थी, जो पूरी तरह नियमों के विरुद्ध पाई गई।
मामले में उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता संदीप कुमार, प्रवर्तन टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहा। टीम ने अवैध निर्माणों को ध्वस्त करते हुए उन्हें सील कर दिया।
BDA ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग करने से पहले बरेली विकास प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति किए गए निर्माणों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।