कैंट क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर का कहर, दुकान के बाहर खड़े युवक को कुचला, मौत

Spread the love

 

कैंट क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर का कहर, दुकान के बाहर खड़े युवक को कुचला, मौत

बरेली: काम पर जाने से पहले छिन गई जिंदगी, डंपर की टक्कर से 26 वर्षीय युवक की मौत

कैंट में दर्दनाक सड़क हादसा, पत्नी और मासूम बेटे को छोड़ गया अर्जुन

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली! बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने एक युवक की जान ले ली। हादसा उस वक्त हुआ, जब युवक दुकान के बाहर खड़ा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

मृतक की पहचान कैंट क्षेत्र के गांव जल्लापुर निवासी 26 वर्षीय अर्जुन पुत्र हरिओम के रूप में हुई है। वह कैंट के बुखारा इलाके में स्थित सरिया-सीमेंट की दुकान पर काम करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अर्जुन रोज की तरह सुबह दुकान पर पहुंचा था और बाहर खड़ा होकर किसी काम का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बदायूं की ओर से तेज गति से आ रहे डंपर ने अचानक उसे चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक अर्जुन दम तोड़ चुका था। सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेने और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

अर्जुन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार वह परिवार का इकलौता कमाने वाला था। अर्जुन अपने पीछे पत्नी सीमा और एक छोटे बेटे को छोड़ गया है। घर की आर्थिक स्थिति पहले से ही सामान्य थी, ऐसे में अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta