घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, दंपती समेत तीन घायल

Spread the love

 

घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, दंपती समेत तीन घायल

रात के खाने के दौरान हमला, परिवार को पीटकर किया घायल

पुरानी रंजिश में हिंसा, घर में घुसकर ग्रामीण पर किया हमला

रिपोर्ट : राजकुमार कश्यप

फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव सत्युइया में सोमवार देर रात दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि कुछ युवक लाठी-डंडों के साथ घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिसमें दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए।

पीड़ित अखिलेश, निवासी गांव सत्युइया, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने परिजनों के साथ भोजन कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही नरेश, राजेश, महाराज सिंह समेत अन्य लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया।

मारपीट में अखिलेश, उनके भाई राजकुमार और पत्नी नीतू घायल हो गए। हमले के दौरान नीतू के गले से मंगलसूत्र का पेंडल भी गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta