बरेली शहर की फायरिंग का ‘डायरेक्टर’ निकला हिस्ट्रीशीटर सुभान, बच्चों को बनाया मोहरा, पुलिस पर बरसाईं थीं गोलियां

Spread the love

 

बरेली शहर की फायरिंग का ‘डायरेक्टर’ निकला हिस्ट्रीशीटर सुभान, बच्चों को बनाया मोहरा, पुलिस पर बरसाईं थीं गोलियां

बरेली बवाल का असली चेहरा बेनकाब, बच्चों के कंधे पर बंदूक रखकर चला रहा था सुभान

फायरिंग, साजिश और धर्म का जहर—हिस्ट्रीशीटर सुभान की गिरफ्तारी से खुली पूरी स्क्रिप्ट

तमंचा थमाकर भीड़ में उतारे बच्चे, पुलिस पर गोली चलाने वाला सुभान अब सलाखों के पीछे

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। 26 सितंबर को शहर की फिज़ा में खौफ घोलने वाले बवाल का असली मास्टरमाइंड आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। थाना बारादरी पुलिस ने शनिवार को पीलीभीत बाइपास से हिस्ट्रीशीटर सुभान उर्फ चूरन को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई सनसनीखेज परतें खुलती चली गईं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के किशोर बाजार निवासी सुभान ने कबूल किया कि 25 सितंबर को उसे साजिश का हिस्सा बनने के लिए बुलाया गया था। कथित तौर पर पार्षद अनीस सकलैनी और मौलाना तौकीर के करीबियों ने उसे “धर्म की दुहाई” देकर भड़काया और हंगामा खड़ा करने की जिम्मेदारी सौंपी।

बच्चों को आगे, खुद पीछे से खेल

पूछताछ में सुभान ने बताया कि 26 सितंबर को इस्लामिया ग्राउंड में पुलिस को घुसने से रोकने की पूरी प्लानिंग थी। इसके लिए छोटे-छोटे लड़कों के गुट बनाकर प्रदर्शन कराने का आदेश दिया गया। साफ निर्देश थे—अगर पुलिस रोके तो गोली चलानी है।

आरोपी का दावा है कि इस काम के लिए उसे तमंचा भी मुहैया कराया गया था। बवाल के दौरान उसने खुद पुलिस पर फायरिंग की, जिससे हालात और बेकाबू हो गए

पुराना खिलाड़ी, नया बवाल

पुलिस का कहना है कि सुभान कुछ दिन पहले ही शहर लौटा था। लौटते ही 27 जनवरी को स्पर्श रिसॉर्ट के पास दो गुटों की मारपीट में भी उसकी भूमिका सामने आई थी। वहां भी वह हमला कर फरार हो गया था।

थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि आरोपी लंबे समय से रडार पर था। शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और अब कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta