फरीदपुर मे मां-बेटों से ढाई लाख की नकदी छीनी, विरोध पर बेरहमी से पिटाई
रिपोर्ट/सौरभ गुप्ता
बरेली। जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने प्लॉट का बैनामा कराने जा रहे मां-बेटों को रास्ते में घेरकर ढाई लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर महिला और उसके बेटे को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
हैरान करने वाली बात यह रही कि घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी पीड़ितों की मदद करने की हिम्मत नहीं जुटाई।
जानकारी के अनुसार भुता निवासी डॉक्टर टी.आर. चक्रवर्ती ने फरीदपुर कस्बे में 150 वर्ग गज का एक प्लॉट खरीदा था।
गुरुवार दोपहर उनकी पत्नी सावित्री अपने बेटों आकाश और कुलदीप के साथ कार से फरीदपुर रजिस्ट्री ऑफिस जा रही थीं। कार कुलदीप चला रहा था, जबकि बैग में बैनामा के लिए ढाई लाख रुपये रखे हुए थे।
फरीदपुर-भुता मार्ग पर ओषड़ गांव के पास अचानक बदमाशों ने लाठी से कार पर हमला कर उसे रुकवा लिया।
कार रुकते ही बदमाशों ने सावित्री के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। जब मां-बेटों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें कार से बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे सावित्री और उनका एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। इसी दौरान किसी राहगीर ने घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें एक बदमाश लाठी से मां-बेटों पर हमला करता साफ दिखाई दे रहा है।
घायल मां-बेटे किसी तरह फरीदपुर थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।