
एटीएम से 25 हजार की चोरी और धमकी का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
घर से एटीएम चोरी कर निकाले रुपये, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
बहेड़ी पुलिस के हत्थे चढ़ा एटीएम चोरी का आरोपी, पहले से दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे
रिपोर्ट: सौरभ गुप्ता
बरेली। थाना बहेड़ी पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एटीएम कार्ड चोरी कर रुपये निकालने और धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 14 दिसंबर 2025 को सिलीजागीर निवासी मोहम्मद सलीम ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके घर से एटीएम कार्ड चोरी कर 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। जब उसने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने आरोपी शोएब, निवासी ग्राम सिली जागीर, के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बहेड़ी पुलिस टीम ने 27 जनवरी की रात करीब 10:20 बजे कस्बा बहेड़ी क्षेत्र से आरोपी शोएब को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए गलती मानने की बात कही।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से ही थाना बहेड़ी में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट से संबंधित एक अन्य मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शेखर, उपनिरीक्षक अंकित सिंह बघेल, कांस्टेबल श्यामसुंदर और कांस्टेबल नीटू शामिल रहे।