इटावा विकास भवन में रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, डीपीआरओ पर लगे गंभीर आरोप

Spread the love

 

इटावा विकास भवन में रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, डीपीआरओ पर लगे गंभीर आरोप

कैमरे में कैद रिश्वत का खेल: इटावा के डीपीआरओ बनवारी लाल पर उठे सवाल

20 हजार की रिश्वत लेते दिखे डीपीआरओ, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

रिपोर्ट : इटावा ब्यूरो

इटावा। विकास भवन परिसर से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) बनवारी लाल पर रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। वायरल वीडियो में अधिकारी अपने कार्यालय में खुलेआम एक व्यक्ति से पैसे लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में देखा जा सकता है कि अधिकारी न सिर्फ रिश्वत ले रहे हैं, बल्कि सामने बैठे व्यक्ति को दबाव में भी रखते नजर आते हैं। पीड़ित व्यक्ति वीडियो में यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि वह अपने खाते में मौजूद सभी पैसे निकालकर लाया है। वहीं, पैसे देने वाला बार-बार अपनी घरेलू परेशानियों का हवाला देता नजर आता है और कहता है कि वह हमेशा अधिकारी की “सेवा” करता आया है।

वीडियो में एक और चौंकाने वाला बयान सामने आया है, जिसमें अधिकारी यह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि “दूसरा व्यक्ति दो लाख रुपये दे रहा है, क्या उसे काम दे दूं। दलित होने के नाते तुम्हारे लिए काम दिया था।” इस कथन के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में लगभग 20 हजार रुपये की रिश्वत लेनदेन का दृश्य कैद है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। हालांकि, अब तक इस मामले में किसी भी प्रकार की आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो सकी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा। प्रशासन और उच्च अधिकारियों की भूमिका पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta