
वीबी-जी राम जी योजना से गांवों को नई ताकत, सांसद बोले— मजदूरों को मिलेगा समय पर मेहनताना
ग्रामीण रोजगार को मिलेगी कानूनी मजबूती, एक हफ्ते में होगा मजदूरी भुगतान
125 दिन के रोजगार की गारंटी से बदलेगा गांवों का भविष्य, भाजपा चौपाल में सांसद का दावा
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम अहम भूमिका निभाएगा। इस योजना को लेकर भाजपा जिला बरेली की ओर से भोजीपुरा क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर और मीरगंज विधानसभा के ग्राम हुरहरी में चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों, श्रमिकों और जॉब कार्ड धारकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
चौपाल में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि मजबूत गांव ही मजबूत भारत की नींव होते हैं। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रह जाए।
एक सप्ताह में मिलेगा मजदूरी भुगतान
सांसद गंगवार ने बताया कि विकसित भारत जी-राम-जी एक्ट के तहत अब मजदूरों को बड़ी राहत दी गई है। किए गए कार्य का भुगतान अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर किया जाएगा। इससे श्रमिकों को समय पर मेहनताना मिलेगा और भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि अब गांव में कराए जाने वाले कार्यों का चयन ग्राम सभा करेगी। इससे गांव की वास्तविक जरूरतों के अनुसार विकास कार्य होंगे और अनावश्यक योजनाओं पर रोक लगेगी।
125 दिन के रोजगार की कानूनी गारंटी
भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने कहा कि ग्रामीण विकास के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। उन्होंने बताया कि नए अधिनियम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिन के रोजगार की कानूनी गारंटी दी गई है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और बेरोजगारी पर अंकुश लगेगा।
चौपाल कार्यक्रम में एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, अभियान संयोजक मेघनाथ सिंह कठेरिया, सहसंयोजक सुरजीत सिंह यादव और राजू भारती, ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार, चेयरमैन बुद्धसेन मौर्य समेत अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।