
कुंडल लूट के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
बरेली में कुंडल लुटेरा पुलिस एनकाउंटर में दबोचा गया, तमंचा और लूट का माल बरामद
महिलाओं से कुंडल छीनने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल, इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। थाना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने कुंडल लूट की घटनाओं में वांछित चल रहे एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीते 19 जनवरी को अयूब खां चौराहे के पास स्कूटी सवार महिला से कान का कुंडल छीनने की वारदात हुई थी। इसके अलावा 24 जनवरी 2026 को भी इसी तरह की एक और घटना सामने आई थी। दोनों मामलों में थाना कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे और आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
26 जनवरी की रात करीब 11:15 बजे चौपला चौराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपी बाइक लेकर रेलवे कॉलोनी के जंगल की ओर भागने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को मौके पर ही काबू कर लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम दिव्यांश वर्मा उर्फ अंकित, पुत्र मंगली राम, निवासी बालाजी धाम, गौशाला वाली गली, थाना कैंट, जनपद बरेली बताया। उसकी तलाशी में एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस (.315 बोर), पीली धातु का एक कान का कुंडल, कुंडल की बिक्री से मिले 5,570 रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।