ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

दिवंगत विधायक श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि देने बरेली पहुंचे मुख्यमंत्री योगी

Spread the love

 

 

दिवंगत विधायक श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि देने बरेली पहुंचे मुख्यमंत्री योगी

परिजनों से मिले सीएम, दुख की घड़ी में बंधाया ढांढस

क्षेत्र और भाजपा संगठन के लिए अपूरणीय क्षति: मुख्यमंत्री

आज फरीदपुर में होगा अंतिम संस्कार, उमड़ेगा जनसैलाब

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के असामयिक निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बरेली पहुंचे। सुबह करीब 10:43 बजे मुख्यमंत्री शक्तिनगर कॉलोनी स्थित दिवंगत विधायक के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोकाकुल परिजनों—पत्नी, पुत्र और पुत्रियों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि श्याम बिहारी लाल का निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे फरीदपुर क्षेत्र और भाजपा संगठन के लिए एक गहरी क्षति है। मुख्यमंत्री लगभग 15 मिनट तक आवास पर रुके और दिवंगत विधायक के योगदान को याद किया।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को प्रो. डॉ. श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में आयोजित पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल हुए थे। बैठक के उपरांत भोजन के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया, लेकिन करीब एक घंटे बाद उनका निधन हो गया। चिकित्सकों ने मौत का कारण हृदयाघात बताया है।

विधायक के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आमजन से लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग उन्हें एक सरल, सहज और समर्पित जनसेवक के रूप में याद कर रहे हैं। उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों की लगातार भीड़ उमड़ रही है।

दिवंगत विधायक का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा। अंत्येष्टि कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि मुख्यमंत्री ने परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि श्याम बिहारी लाल का योगदान पार्टी और समाज दोनों के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta