ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

बरेली में ‘अटल स्मृति’ कार्यक्रम में बोले जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कांग्रेस पर साधा निशाना

Spread the love

 

बरेली में ‘अटल स्मृति’ कार्यक्रम में बोले जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कांग्रेस पर साधा निशाना

रिपोर्ट/सौरभ गुप्ता

बरेली। प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आज एक दिवसीय दौरे पर बरेली पहुंचे।

अर्बन हाट सभागार में आयोजित भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर ‘अटल स्मृति’ कार्यक्रम में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, उनके जीवन, साहित्य और राष्ट्र के प्रति योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जिनकी स्मृतियां हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगी।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने देश को नई दिशा दी और उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई।

कांग्रेस के एक सांसद द्वारा संविधान को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से भाजपा विरोधी रही है और उसने उन लोगों के लिए कुछ नहीं किया जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र के लिए बलिदान देने वालों के योगदान को नजरअंदाज किया और केवल एक ही परिवार के हित में काम किया। उन्होंने कांग्रेस को वंशवादी पार्टी करार दिया।

बरेली में हाल के दिनों में हुई घटनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर जलशक्ति मंत्री ने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

चाहे मामला दंगे का हो या किसी अन्य प्रकार की घटना का, कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी धर्मों और समुदायों के त्योहारों की चिंता करती है और “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ बिना किसी भेदभाव के काम कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भेदभाव की राजनीति समाजवादी पार्टी और कांग्रेस करती रही हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक संगठन आधारित पार्टी है,

जो अपने कार्यकर्ताओं के दम पर चलती है और जमीनी स्तर तक मजबूत संगठन के कारण लगातार जनता का विश्वास जीत रही है।

कार्यक्रम के अंत में अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta