नितिन नबीन को मिली भाजपा की बड़ी जिम्मेदारी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने

Spread the love

नितिन नबीन को मिली भाजपा की बड़ी जिम्मेदारी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार के कद्दावर युवा नेता और राज्य सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी उन्हें ऐसे समय सौंपी गई है, जब भाजपा आगामी चुनावों और संगठन विस्तार की रणनीति को और मजबूत करने में जुटी हुई है। नितिन नबीन, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह यह भूमिका निभाएंगे।

नितिन नबीन बिहार की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे अब तक चार बार विधायक चुने जा चुके हैं और वर्तमान में बिहार सरकार में मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर उनका अनुभव उन्हें इस पद के लिए मजबूत दावेदार बनाता है। पार्टी के भीतर उन्हें अनुशासित, सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ताओं से जुड़ा हुआ नेता माना जाता है।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि नितिन नबीन की नियुक्ति से पार्टी को युवा नेतृत्व, संगठनात्मक मजबूती और क्षेत्रीय संतुलन का लाभ मिलेगा। बिहार जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य से आने के कारण वे पूर्वी भारत में पार्टी के आधार को और विस्तार देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

अपने राजनीतिक सफर में नितिन नबीन ने छात्र राजनीति से लेकर संगठन के विभिन्न पदों तक काम किया है। उन्होंने कई चुनावी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई और सरकार में रहते हुए भी संगठन से लगातार जुड़े रहे। यही कारण है कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी सौंपे जाने को पार्टी के भीतर भरोसे और भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

नितिन नबीन की इस नई भूमिका से भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं बिहार भाजपा कार्यकर्ताओं में भी इसे लेकर उत्साह का माहौल है!

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta