
रक्षाबंधन पर बरेली क्लब में उमड़ा बहनों का सैलाब, पार्थ गौतम बोले—इतनी बड़ी भागीदारी ने रचा नया इतिहास
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। रक्षाबंधन के पर्व पर बरेली क्लब मेला ग्राउंड में गुरुवार को भव्य रक्षाबंधन समारोह में माताओं और बहनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर राखी के पर्व को उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया। आयोजक पार्थ गौतम के अनुसार, समारोह में अनुमान से कहीं अधिक संख्या में महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने इसे बरेली के लोगों के विश्वास और आत्मीय जुड़ाव का परिणाम बताया।
महापौर एवं पार्थ गौतम फाउंडेशन के अध्यक्ष तथा युवा सेवक संघ के प्रधान सेवक के सौजन्य से पिछले वर्ष की तरह इस बार भी रक्षाबंधन समारोह आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में बरेली के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में माताएं और बहनें शामिल हुईं।
मीडिया से बातचीत में पार्थ गौतम ने कहा कि कार्यक्रम के लिए करीब 20 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान था, लेकिन वास्तविक संख्या इससे काफी अधिक रही। उन्होंने दावा किया कि शहर के लगभग हर वार्ड और बूथ से महिलाएं समारोह में पहुंचीं। उनके मुताबिक इतनी बड़ी संख्या में माताओं-बहनों की मौजूदगी इस आयोजन को खास बनाती है।
पार्थ गौतम ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका बरेलीवासियों के भरोसे की है। उन्होंने बताया कि समारोह में ऐसी करीब पांच हजार बहनें भी पहुंचीं, जिनके बच्चों की शिक्षा में उनके स्तर से सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि राशन कार्ड न होने के कारण परेशान परिवारों तक कार्यालय के माध्यम से राशन पहुंचाने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा पांच हजार से अधिक लोगों के परिवारों में किसी न किसी सदस्य के इलाज में पार्थ गौतम फाउंडेशन की ओर से निशुल्क सहयोग किए जाने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों ने जिस विश्वास के साथ समारोह में भाग लिया, उसके लिए वह उनके आभारी हैं। पार्थ गौतम ने कहा कि भविष्य में वह किसी भी पद पर रहें, रक्षाबंधन का यह आयोजन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक सांसें चलेंगी, तब तक हर साल इस कार्यक्रम को आयोजित करने और इसे पहले से अधिक भव्य बनाने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह की व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों के लिए उपहार की व्यवस्था की गई थी। भोजन को लेकर उन्होंने बताया कि बड़े वैवाहिक आयोजनों की तरह यहां भी भोजन की व्यवस्था की गई। उनके मुताबिक उनकी शादी में भोजन तैयार करने वाले कैटरर को ही इस कार्यक्रम के लिए भी जिम्मेदारी दी गई थी।कार्यक्रम में उमड़ी महिलाओं की भीड़ ने पूरे आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया। पार्थ गौतम ने कहा कि रक्षाबंधन समारोह उनके लिए केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि माताओं और बहनों के प्रति सम्मान, स्नेह और विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है।