
बरेली नगर निगम की ओटीएस योजना से बकायेदारों को बड़ी राहत, चारों जोन में अफसर तैनात
हाउस टैक्स बकाया है तो मौका हाथ से न जाने दें, ओटीएस के लिए जोन कार्यालयों में मिलेगी मदद
बकाया कर जमा करने का सुनहरा मौका, ओटीएस योजना के लिए नगर निगम ने कसी कमर
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। नगर निगम बरेली ने भवन स्वामियों के बकाया कर के समाधान के लिए लागू की गई एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारी तेज कर दी है। योजना का लाभ अधिक से अधिक भवन स्वामियों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम ने अपने चारों जोन कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की है। ये कर्मचारी आवेदन पत्रों के संग्रहण, ऑनलाइन प्रविष्टि और नागरिकों को योजना की जानकारी देने का काम करेंगे।
नगर निगम प्रशासन के मुताबिक ओटीएस योजना का उद्देश्य बकाया कर के मामलों का समाधान कर भवन स्वामियों को राहत पहुंचाना है। इसके लिए जोन कार्यालयों में तैनात टीम भवन स्वामियों को आवेदन प्रक्रिया और योजना से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएगी। साथ ही प्राप्त आवेदन पत्रों की ऑनलाइन एंट्री भी कराई जाएगी।
जोन-01 में जोनल अधिकारी मयंक यादव और कर अधीक्षक मुन्नाराम को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जोन-02 में जोनल अधिकारी पूजा त्रिपाठी और कर अधीक्षक मुन्नाराम व्यवस्था संभालेंगे। जोन-03 में जोनल अधिकारी शिखा मोर्या और कर अधीक्षक रामसेवक राम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जोन-04 में जोनल अधिकारी पीके द्विवेदी और कर अधीक्षक रामसेवक राम को तैनात किया गया है।
नगर निगम ने सभी जोन कार्यालयों में लिपिक और कंप्यूटर ऑपरेटर भी लगाए हैं, ताकि आवेदन प्रक्रिया में भवन स्वामियों को परेशानी न हो। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ओटीएस योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित जोन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि योजना के तहत बकाया कर से संबंधित मामलों का समाधान कराने का यह महत्वपूर्ण अवसर है। भवन स्वामी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
