
पति की मौत के बाद बेघर करने की कोशिश! विधवा ने सास–ससुर और ननदों पर लगाए गंभीर आरोप
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के खलीलपुर मोहल्ले की रहने वाली एक विधवा महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और घर से बेदखल करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता मंजू साहू के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले उनके पति सत्यपाल साहू का निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद से ही सास रामवेटी, ससुर छेदालाल और ननद हेमा व सीमा लगातार उन्हें घर छोड़ने का दबाव बना रहे हैं। उनका आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ-साथ उनकी दो बेटियों के साथ भी मारपीट की गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने उनके हिस्से की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अपने नाम से अलग बिजली कनेक्शन लेने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक कनेक्शन नहीं मिल सका। इतना ही नहीं, ससुराल पक्ष उन पर घर में रहने के एवज में हर महीने 5 हजार रुपये किराया देने का दबाव भी बना रहा है।
मंजू साहू ने बताया कि वह सिलाई का काम करके किसी तरह अपनी और अपनी दोनों बेटियों की परवरिश कर रही हैं। उनका कहना है कि इस मामले में वह पहले भी सीबीगंज थाने में शिकायत दे चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।