ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

बरेली में रुद्राक्ष अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, बेसमेंट में चल रही नवजात नर्सरी पर नोटिस

Spread the love

 

बरेली में रुद्राक्ष अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, बेसमेंट में चल रही नवजात नर्सरी पर नोटिस

मानकों के विपरीत मिली नवजातों की नर्सरी, गंभीर बच्चों के चलते टली सीलिंग, अस्पताल को अंतिम चेतावनी

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। शहर के धर्मकांटा चौराहा स्थित रुद्राक्ष अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी के दौरान गंभीर अनियमितता सामने आई है। औचक निरीक्षण में अस्पताल के बेसमेंट में नवजात शिशुओं की नर्सरी संचालित होती मिली, जिसे विभाग ने निर्धारित मानकों के विपरीत माना है। मामले में अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए नर्सरी को तत्काल बेसमेंट से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन न होने पर नर्सरी को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के निर्देश पर इन दिनों जिले के अस्पतालों में बेसमेंट में संचालित नर्सरी, आईसीयू और ऑपरेशन थिएटरों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत सोमवार को नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी ने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित अग्रवाल के रुद्राक्ष अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान अस्पताल के रिसेप्शन के सामने बेसमेंट की ओर नर्सरी का बोर्ड लगा मिला। टीम जब नीचे पहुंची तो वहां नवजात शिशुओं की नर्सरी संचालित मिली। निरीक्षण में कई नवजात उपचाराधीन पाए गए, जिनमें कुछ बच्चों की स्थिति गंभीर बताई गई। अधिकारियों ने इसे स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों का उल्लंघन माना और अस्पताल प्रबंधन से जवाब तलब किया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निरीक्षण के समय नर्सरी में भर्ती बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल सीलिंग की कार्रवाई नहीं की गई। मरीजों के हितों को प्राथमिकता देते हुए अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि नर्सरी को शीघ्र ही किसी मानक अनुरूप स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।

नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी ने बताया कि बेसमेंट में नवजात नर्सरी का संचालन नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया है। अस्पताल को नोटिस जारी कर तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि तय समय के भीतर आदेश का पालन नहीं किया गया तो नियमानुसार नर्सरी को सील करने सहित अन्य विधिक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

 

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta