ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

हेरोइन की फैक्ट्री तक पहुंचने से पहले पुलिस का शिकंजा, 498 किलो प्रतिबंधित केमिकल के साथ चार तस्कर दबोचे

Spread the love

 

हेरोइन की फैक्ट्री तक पहुंचने से पहले पुलिस का शिकंजा, 498 किलो प्रतिबंधित केमिकल के साथ चार तस्कर दबोचे

1.30 करोड़ का एसिटिक एनहाइड्राइड बरामद, मेवात से पश्चिम बंगाल तक फैले नेटवर्क की जांच तेज

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। शाही थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में नशे के अंतरराज्यीय नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाला 498.35 किलोग्राम प्रतिबंधित रसायन एसिटिक एनहाइड्राइड बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद रसायन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक पिकअप वाहन, रेनो क्विड कार, पांच मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई।

पुलिस के मुताबिक 18 जुलाई की रात मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर ग्राम जुन्हाई बिजलीघर के सामने घेराबंदी कर अमरोहा निवासी जोगेश उर्फ पिंकू, तेजपाल सिंह, अरुण कुमार और बदायूं निवासी अब्दुल वासिद को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ शाही थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ में मुख्य आरोपी जोगेश ने कई अहम खुलासे किए। उसने बताया कि प्रतिबंधित रसायन की यह खेप हरियाणा के मेवात क्षेत्र से लाई गई थी और इसे बदायूं निवासी कय्यूम को सौंपा जाना था। वहां से यह खेप पश्चिम बंगाल भेजी जानी थी, जहां इसका इस्तेमाल हेरोइन तैयार करने में होना था। पुलिस के अनुसार, एसिटिक एनहाइड्राइड मॉर्फीन को हेरोइन में बदलने की प्रक्रिया का प्रमुख रसायन माना जाता है।

जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी जोगेश पहले भी प्रतिबंधित रसायनों की तस्करी के मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की कार्रवाई के दौरान जेल जा चुका है। इसके बावजूद उसने फिर से तस्करी का नेटवर्क खड़ा कर लिया।

पुलिस ने इस पूरे गिरोह के दो अन्य सदस्यों, मेवात निवासी अरशद और बदायूं निवासी कय्यूम, को वांछित घोषित किया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta