
BSA ऑफिस में घूसखोरी का भंडाफोड़: 10 हजार लेते ही दबोचे गए दो कर्मचारी, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
शाहजहांपुर/बरेली। शिक्षा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय में तैनात दो कर्मचारियों को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कम्पोजिट स्कूल चौना बुजुर्ग में तैनात सहायक अध्यापिका रेनू शुक्ला से उनकी अनुपस्थिति से संबंधित फाइल निस्तारण के नाम पर लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। बार-बार पैसे मांगने से परेशान होकर शिक्षिका ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। इंस्पेक्टर इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सोमवार शाम करीब 5:45 बजे दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते ही धर दबोचा। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निश्चय सिंह (जिला समन्वयक, BSA कार्यालय) और अरुण कुमार (कंप्यूटर ऑपरेटर, आउटसोर्सिंग) के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों लंबे समय से फाइल पास कराने के नाम पर अवैध वसूली में लिप्त थे।
कार्रवाई के बाद दोनों के खिलाफ थाना सदर बाजार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एंटी करप्शन टीम अब पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और संभावित बड़े नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
इस कार्रवाई को प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त नीति के तहत अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि घूसखोरी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।