ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

बरेली पुलिस में ‘मेगा सर्जरी’: 114 दरोगा-इंस्पेक्टर के तबादले, महकमे में मचा हलचल

Spread the love

 

बरेली पुलिस में ‘मेगा सर्जरी’: 114 दरोगा-इंस्पेक्टर के तबादले, महकमे में मचा हलचल

एसएसपी अनुराग आर्य का बड़ा एक्शन, रातों-रात बदली पुलिसिंग की तस्वीर

थानों से चौकियों तक फेरबदल, रिजर्व लाइन खाली कर फील्ड में उतारे गए दरोगा

कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद, बरेली में पुलिस महकमे का बड़ा रीस्ट्रक्चर

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। जिले की पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया। एक ही आदेश में 114 इंस्पेक्टर और उपनिरीक्षकों के तबादले कर दिए गए। देर रात जारी हुई सूची के बाद पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई। थानों और चौकियों पर नई तैनातियां तय करते हुए सभी कर्मियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

फेरबदल में क्राइम ब्रांच सबसे ज्यादा चर्चा में रही। यहां तैनात अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विपिन कुमार को मीरगंज का क्षेत्राधिकारी बनाया गया, जबकि राजेश कुमार को हाईवे क्षेत्राधिकारी की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, वरुण कुमार को क्योलड़िया थाने में निरीक्षक अपराध के रूप में भेजा गया है। इसके अलावा कई थानों के प्रभारी भी बदले गए हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है।

उपनिरीक्षकों के स्तर पर भी बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। कई दरोगाओं को एक थाने से दूसरे थाने में भेजते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कुछ को पहली बार महत्वपूर्ण पदों पर मौका दिया गया है, जिससे उनकी कार्यकुशलता की परीक्षा भी होगी।

चौकी स्तर पर भी व्यापक बदलाव किया गया है। जिले की कई प्रमुख चौकियों पर नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। यह कदम जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया माना जा रहा है।

इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि रिजर्व पुलिस लाइन्स में तैनात कई दरोगाओं को सीधे फील्ड में भेज दिया गया है। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि प्रशासन अब सक्रिय पुलिसिंग पर जोर दे रहा है।

एसएसपी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी पुलिसकर्मी तत्काल नई तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें। आदेश की अनदेखी करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

एक साथ इतने बड़े पैमाने पर किए गए तबादलों को पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस कदम से कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। अब देखना होगा कि नई तैनाती के बाद पुलिसिंग में कितना सुधार आता है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta