
बैसाखी महोत्सव में झलकी संस्कृति और देशभक्ति, श्री गुरु नानक रिखी सिंह इंटर कॉलेज में बच्चों ने पेश की शानदार प्रस्तुतियां
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। बैसाखी के अवसर पर श्री गुरु नानक रिखी सिंह इंटर कॉलेज में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ बैसाखी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक विरासत और देशभक्ति की भावना को जीवंत कर दिया।
महोत्सव के दौरान बच्चों ने गिद्धा और भांगड़ा जैसे पारंपरिक पंजाबी नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुति दी। साथ ही जालियांवाला बाग हत्याकांड का मार्मिक मंचन कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। कविता पाठ के माध्यम से भी बैसाखी के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. उमेश गौतम, विशिष्ट अतिथि कुंवर सिद्धराज सिंह और अधीर सक्सेना मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि डॉ. उमेश गौतम ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य तय करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कुंवर सिद्धराज सिंह ने प्रबंध समिति एवं गुरुद्वारा प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मानित किया। वहीं अधीर सक्सेना ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रबंध समिति ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों के कई प्रधानों सहित सरदार परमजीत सिंह ओबरॉय, विशाल मेहरोत्रा, आनंद मोहन सिंह, मनजीत सिंह नागपाल, विष्णु शर्मा, अमरीश ग्रोवर, विजय खनिजों, सरदार प्रेनू सिंह समेत विद्यालय के शिक्षक व स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रबंध समिति ने अगले वर्ष इसे और भव्य रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।
