
डॉ. अनीस बेग ने पुष्प वर्षा और सेवा भाव से मनाया अंबेडकर महोत्सव, बांटी मिठाईयां, नावेल्टी चौराहे पर उमड़ा जनसैलाब
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के पावन अवसर पर नाथ नगरी बरेली में अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। इसी कड़ी में शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक, समाजसेवी और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. अनीस बेग द्वारा सिविल लाइंस स्थित नवेल्टी चौराहे पर एक भव्य सेवा कैंप का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी आयोजन के माध्यम से जहाँ एक ओर बाबा साहेब के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की गई, वहीं दूसरी ओर सामाजिक एकता, समरसता और निस्वार्थ सेवा का अनूठा उदाहरण भी पेश किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनीस बेग और उनकी टीम ने अंबेडकर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। जैसे ही बाबा साहेब की झांकियां नवेल्टी चौराहे पर पहुँचीं, डॉ. बेग ने फूलों की वर्षा कर पूरे मार्ग को महका दिया और श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी को देखते हुए कैंप में शुद्ध पेयजल और मिष्ठान वितरण की व्यापक व्यवस्था की गई थी, जिससे राहगीरों और शोभायात्रा में शामिल हजारों लोगों को बड़ी राहत मिली। लोगों ने रुककर सेवा का लाभ लिया और डॉ. बेग के इस मानवीय प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. अनीस बेग ने बाबा साहेब के विराट व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक वर्ग विशेष के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता और आधुनिक भारत के निर्माता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने और महिलाओं व वंचितों को संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। डॉ. बेग ने जोर देकर कहा कि आज के दौर में बाबा साहेब के मूल मंत्र ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ को जीवन में उतारना बेहद आवश्यक है, क्योंकि हमारा संविधान ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है और आपसी भाईचारा ही राष्ट्र की असली बुनियाद है।
आयोजन में राजनैतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। डॉ. अनीस बेग के साथ मुख्य रूप से महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुलतानी, राजेश मौर्य, दीपक शर्मा, हरिओम प्रजापति, वीना गौतम, दिलीप कुमार, कमलेश रत्नाकर, किरण सक्सेना, ऋषि यादव, एडवोकेट हुरिया रहमान, लक्की रत्नाकर और मुकेश मौर्य सहित भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके द्वारा दिखाए गए न्याय, स्वतंत्रता और समता के मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया। अंत में आयोजकों ने जनपदवासियों को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।