बरेली में मिलावटी खाद्य पर बड़ा एक्शन: मशहूर त्यागी रेस्टोरेंट पर छापा, समोसे-तेल के नमूने सील

Spread the love

 

बरेली में मिलावटी खाद्य पर बड़ा एक्शन: मशहूर त्यागी रेस्टोरेंट पर छापा, समोसे-तेल के नमूने सील

नकली अंडों की अफवाह पर प्रशासन सतर्क: कई इलाकों में छापेमारी, नहीं मिला कोई संदिग्ध स्टॉक

रिपोर्ट के बाद होगी कड़ी कार्रवाई: मिलावटी तेल से सेहत पर खतरे को लेकर विभाग सख्त

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुराना रोडवेज बस अड्डा स्थित एक रेस्टोरेंट पर छापा मारा। इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के कारोबारियों में भी खलबली देखी गई।

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय अक्षय गोयल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके पर गहन जांच की। इस दौरान रेस्टोरेंट में तैयार हो रहे खाद्य पदार्थों और उपयोग में लाए जा रहे तेल की गुणवत्ता पर संदेह होने पर अधिकारियों ने समोसे और वनस्पति तेल के नमूने एकत्र कर उन्हें सील कर दिया। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

रिपोर्ट के आधार पर तय होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो सख्त कदम उठाए जाएंगे। विभाग का कहना है कि आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

नकली अंडों की शिकायत पर चला विशेष अभियान

इधर, शहर में नकली अंडों की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने 11 और 12 अप्रैल को विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान जगतपुर गौटिया, एजाज नगर, शहदाना, पुराना शहर, फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर और बहेड़ी सहित कई इलाकों में अंडा विक्रेताओं के यहां छापेमारी की गई।

राहत की खबर, लेकिन निगरानी जारी

जांच के दौरान किसी भी स्थान पर नकली अंडों का भंडारण नहीं मिला, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, विभाग ने साफ किया है कि अभियान यहीं नहीं रुकेगा। लगातार निगरानी रखी जाएगी और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

मिलावटखोरों को चेतावनी

सहायक आयुक्त अक्षय गोयल ने सख्त लहजे में कहा कि मिलावट करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यदि कोई भी व्यक्ति खाद्य पदार्थों में मिलावट करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta