बरेली पासपोर्ट कार्यालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

Spread the love

 

बरेली पासपोर्ट कार्यालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

ईमेल से मिली धमकी के बाद दफ्तर खाली, घंटों चली सघन तलाशी

बदायूं-पीलीभीत तक अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियां रहीं मुस्तैद

पहले भी मिल चुकी धमकी, साइबर सेल खंगाल रही ईमेल का सुराग 

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली!  बरेली के डीडी पुरम स्थित पासपोर्ट कार्यालय को सोमवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। ईमेल के जरिए आई इस धमकी के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और एहतियातन पूरे कार्यालय को खाली करा लिया गया।

धमकी भरे ईमेल में दोपहर 1:10 बजे विस्फोट का समय लिखा गया था। अलर्ट मिलते ही अधिकारियों ने बिना देरी पुलिस को सूचना दी। करीब एक बजे से डेढ़ बजे तक कार्यालय के सभी कर्मचारी बाहर रहे, जबकि सुरक्षा टीमों ने अंदर हर कमरे, दस्तावेजों और लोगों के बैग तक की बारीकी से जांच की।

करीब डेढ़ घंटे तक चले तलाशी अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली और दफ्तर को दोबारा खोलने की अनुमति दे दी। हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

ईमेल में बरेली के साथ-साथ बदायूं और पीलीभीत के पासपोर्ट सेवा केंद्रों का भी जिक्र किया गया था। इसके बाद इन जिलों में भी पुलिस अलर्ट पर आ गई। बदायूं में डाकघर और पासपोर्ट केंद्रों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया, लेकिन वहां भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला।

पासपोर्ट अधिकारी के अनुसार, ईमेल भेजने वाले की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है और इस बार संदेश की भाषा भी पहले से अलग है। साइबर सेल की टीम ईमेल के आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले 27 मार्च को भी इसी कार्यालय को धमकी मिल चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta