बरेली के बहेड़ी मे भीषण अग्निकांड में राख हुई 200 बीघा गेहूं की फसल, किसानों की सालभर की मेहनत हुई खाक

Spread the love

 

बरेली के बहेड़ी मे भीषण अग्निकांड में राख हुई 200 बीघा गेहूं की फसल, किसानों की सालभर की मेहनत हुई खाक

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। जनपद के देहात क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया। बहेड़ी थाना क्षेत्र के सिगौती गांव में करीब साढ़े तीन बजे गेहूं के खेतों में अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के चलते आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते एक खेत से दूसरे खेत तक पहुंच गई और लगभग 200 बीघा तैयार खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।

आग की लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। किसान अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए, लेकिन आग की तीव्रता के सामने उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। हालात की गंभीरता को देखते हुए बहेड़ी के साथ-साथ बरेली और किच्छा से दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा के मुताबिक, दमकल की कई यूनिट्स और पुलिस बल लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे रहे।

कटाई से पहले ही तबाही, किसानों पर टूटा संकट

यह हादसा किसानों के लिए बड़ा झटका साबित हुआ है। गेहूं की फसल पूरी तरह तैयार थी और कटाई का समय नजदीक था, लेकिन आग ने कुछ ही घंटों में उनकी सालभर की मेहनत को राख में बदल दिया। इससे प्रभावित किसानों के सामने अब आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

मुआवजे की मांग, कारणों की जांच शुरू

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta