
अहंकार से दूर रहकर ही मिलती है सफलता, टी-20 टूर्नामेंट का भव्य आगाज
एसआरएमएस क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू, अब टी-25 फॉर्मेट में दिखेगा नया रोमांच
दो लाख के इनाम के साथ शुरू हुआ क्रिकेट महाकुंभ, पहले मैच में एसआरएमएस विजयी
खेल सिखाता है विनम्रता और जीत का जज्बा, महापौर ने किया टूर्नामेंट का शुभारंभ
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। एसआरएमएस ट्रस्ट की ओर से आयोजित श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट (सीजन-6) का शुक्रवार को भव्य आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में महापौर डॉ. उमेश गौतम ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए अहंकार से दूरी बनाना बेहद जरूरी है।
एसआरएमएस क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने ट्रॉफी का अनावरण किया और एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति की गेंद पर शॉट खेलकर टूर्नामेंट के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। उद्घाटन मुकाबले में एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी और बजाज टेक्सटाइल अमरोहा आमने-सामने रहे, जिसका टॉस भी मुख्य अतिथि ने कराया।
समारोह में ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले सत्र से टूर्नामेंट टी-20 के बजाय टी-25 फॉर्मेट में खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को अनुशासन और विनम्रता सिखाता है, जो सफलता की कुंजी है।
टूर्नामेंट की इनामी राशि में भी इस बार इजाफा किया गया है। विजेता टीम को दो लाख रुपये और उपविजेता को एक लाख रुपये नकद पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 11 हजार रुपये, जबकि बेस्ट बल्लेबाज और बेस्ट गेंदबाज को 5100-5100 रुपये दिए जाएंगे।
आदित्य मूर्ति ने बताया कि बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में मेरठ, अमरोहा, बुलंदशहर, प्रयागराज, पीलीभीत, दिल्ली और बरेली की टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट के कुछ मुकाबले फ्लडलाइट में भी खेले जाएंगे, जिनकी शुरुआत शाम 6:30 बजे से होगी।
उन्होंने बताया कि एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी में इस समय 200 से अधिक खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिनमें 25 से ज्यादा बालिकाएं भी शामिल हैं। खिलाड़ियों के लिए अलग कोच की व्यवस्था की गई है।
उद्घाटन मैच में एसआरएमएस की जीत
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी ने बजाज टेक्सटाइल अमरोहा को 10 रन से हराकर शानदार शुरुआत की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएमएस की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 162 रन बनाए। विश्वेंद्र चौधरी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
जवाब में बजाज टेक्सटाइल की टीम 18.4 ओवर में 152 रन पर सिमट गई। एसआरएमएस के अनुज शर्मा ने 3 विकेट झटके, जबकि सौरभ और अभिषेक को 2-2 विकेट मिले। शानदार अर्धशतक के लिए विश्वेंद्र को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आज के मुकाबले
शनिवार को टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर में आईके कलेक्शंस बरेली का सामना जीएसटी आरसीसी इलेवन बरेली से होगा, जबकि शाम के मैच में बजाज टेक्सटाइल अमरोहा और 22 यार्ड्स पीलीभीत की टीमें आमने-सामने होंगी।
