
सिरौली में अवैध कच्ची शराब बनाते एक आरोपी गिरफ्तार, 25 लीटर लहन व शराब बरामद
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। जनपद के थाना सिरौली पुलिस ने अवैध कच्ची शराब बनाने के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 20 लीटर लहन और 5 लीटर तैयार कच्ची शराब के साथ उपकरण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:55 बजे मुखबिर की सूचना पर थाना सिरौली पुलिस टीम जंगल क्षेत्र में अंजनी गांव जाने वाले कच्चे रास्ते के पास पहुंची। यहां पेड़ों के बीच एक व्यक्ति भट्ठी लगाकर अवैध कच्ची शराब बनाता मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अर्जुन पुत्र कोमिल राम, निवासी ग्राम अंजनी, थाना सिरौली, जनपद बरेली (उम्र करीब 32 वर्ष) बताया। मौके पर जांच के दौरान एक प्लास्टिक के डिब्बे में करीब 5 लीटर तैयार कच्ची शराब और अन्य डिब्बों में लगभग 20 लीटर लहन मिला। पुलिस ने भट्ठी को बंद कर सभी सामान को सील कर कब्जे में ले लिया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह ज्यादा पैसा कमाने के लिए कच्ची शराब बनाकर बेचता था और इसी से अपने परिवार का खर्च चलाता था।
इस संबंध में थाना सिरौली पर मुकदमा संख्या 0093/2026 धारा 60(2) आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक श्रीपाल सिंह, हेड कांस्टेबल सत्यदेव सिंह और कांस्टेबल रविंद्र कुमार शामिल रहे।