
बरेली स्टेडियम में छात्रों का बवाल: 9वीं के मासूम छात्र पर किया हमला, सिर पर कड़े से वार
माफी के बाद भी नहीं थमा विवाद, छह छात्रों ने मिलकर पीटा किशोर
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली! बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र स्थित एक स्टेडियम में छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। यहां कक्षा 9 के एक छात्र को कुछ अन्य छात्रों ने घेरकर बुरी तरह पीट दिया। घटना में घायल छात्र के परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, इज्जतनगर थाना क्षेत्र की महानगर कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय जागृत सिंह स्टेडियम में फुटबॉल का अभ्यास करता है। सोमवार सुबह प्रैक्टिस के दौरान उसका साथी छात्र अंकुर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान अंकुर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जागृत ने दो बार माफी भी मांगी, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद अंकुर अपने छह साथियों को मौके पर ले आया। इसके बाद अंकुर, तेग सिंह समेत अन्य लड़कों ने मिलकर जागृत को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर घायल छात्र के पिता विनीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और बेटे को इलाज के लिए भेजा। उन्होंने बारादरी थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।