इज्जतनगर डबल मर्डर का खौफनाक अंत: पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ ‘बौरा’, पंचायत में बरसाए थे चाकू

Spread the love

 

इज्जतनगर डबल मर्डर का हुआ खौफनाक अंत: पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ ‘बौरा’, पंचायत में बरसाए थे चाकू

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। इज्जतनगर के रहपुरा चौधरी गांव में सास और साले की निर्मम हत्या कर दहशत फैलाने वाले आरोपी अफसर उर्फ बौरा का आखिरकार मंगलवार सुबह अंत हो गया। सहारा ग्राउंड के पास पुलिस से हुई मुठभेड़ में आरोपी ने बचने के लिए फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह ढेर हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस एनकाउंटर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

घेराबंदी होते ही पुलिस पर झोंकी गोलियां

दोहरे हत्याकांड के बाद फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस की पांच टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के बीच मंगलवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली। सहारा ग्राउंड के पास पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख आरोपी ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी गोली से वह मौके पर ही ढेर हो गया।

पंचायत में मचा था खूनी तांडव

सोमवार को गांव रहपुरा चौधरी में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बैठी थी। इसी दौरान अफसर उर्फ बौरा अचानक बेकाबू हो गया और पत्नी, सास और साले पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सास आसमा और साले आदिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी साइमा जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जूझ रही है।

CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

इस दिल दहला देने वाली वारदात का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया था।

9 साल की प्रताड़ना ने लिया खौनी रूप

परिजनों के मुताबिक, आरोपी पिछले कई वर्षों से शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। करीब नौ साल से घर में कलह और हिंसा का माहौल था। रविवार को भी उसने हमला किया था, लेकिन तब बच निकला। आखिरकार सोमवार को पंचायत के बीच उसने खून से सना खेल खेल दिया।

पुलिस का दावा: आत्मरक्षा में हुई मुठभेड़

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जिंदा पकड़ने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। मजबूरन आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। मुठभेड़ के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

दोहरे हत्याकांड का आरोपी ढेर, लेकिन पीछे छोड़ गया खौफ और बर्बाद परिवार की कहानी।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta