फरियादियों को मिलेगा सम्मानजनक माहौल, पुलिस कार्यालय में ‘संवेदना कक्ष’ की शुरुआत

Spread the love

 

फरियादियों को मिलेगा सम्मानजनक माहौल, पुलिस कार्यालय में ‘संवेदना कक्ष’ की शुरुआत

रिटायर्ड पुलिसकर्मियों के लिए भी खास पहल, पेंशनर्स कक्ष का हुआ उद्घाटन

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। पुलिस कार्यालय परिसर में गुरुवार को फरियादियों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए दो नई व्यवस्थाओं की शुरुआत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यहां “संवेदना कक्ष” और उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्थान के नवनिर्मित कक्ष का उद्घाटन कराया।

संवेदना कक्ष का उद्देश्य पुलिस कार्यालय में आने वाले फरियादियों को शांत, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में अपनी बात रखने का अवसर देना है। इस कक्ष का उद्घाटन थाना सुभाषनगर क्षेत्र की निवासी संतोष राठौर ने फीता काटकर किया। इस मौके पर मौजूद फरियादियों का स्वागत करते हुए उन्हें मिष्ठान वितरित किया गया।

इसके अलावा परिसर में उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्थान के नए कक्ष का भी उद्घाटन किया गया। इस कक्ष के बनने से सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को बैठकर आपसी चर्चा करने, अपने अनुभव साझा करने और अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने के लिए एक समुचित स्थान मिल सकेगा।

पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कार्यालय सोनाली मिश्रा ने फीता काटकर पेंशनर्स कक्ष का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस पेंशनर्स के साथ गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव सुने गए। इस दौरान सभी को मिष्ठान वितरित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद पुलिस आमजन और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। ऐसी पहलें पुलिस और जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत बनाने में सहायक साबित होंगी।

कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्थान के सदस्य मौजूद रहे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta