
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, छह महीने बाद खुला पति की पहली पत्नी का राज; विधवा को जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। जिले के आंवला थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक पर आरोप है कि उसने खुद को अविवाहित बताकर विधवा महिला से शादी का वादा किया, उसके साथ संबंध बनाए और बाद में शादी भी कर ली। लेकिन करीब छह महीने बाद उसकी पहली पत्नी अचानक घर पहुंच गई और पूरे मामले का खुलासा हो गया। अब पीड़िता ने पति, देवर और पहली पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 में उसके पहले पति ने दूसरी शादी कर उसे और उसकी बेटी को घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह आंवला क्षेत्र में रहकर अपनी बेटी के साथ जीवन यापन कर रही थी। करीब ढाई साल पहले बझेड़ा गांव के रहने वाले एक युवक ने रिश्तेदारी के जरिए शादी का प्रस्ताव भेजा। युवक ने खुद को कुंवारा बताया और भरोसा दिलाया कि वह महिला और उसकी बेटी दोनों की जिम्मेदारी उठाएगा।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उसे भावनात्मक दबाव में लेकर संबंध बनाए और बाद में 29 जनवरी 2024 को उससे शादी कर उसे अपने घर ले आया। शादी के बाद कुछ महीनों तक सब ठीक चलता रहा, लेकिन करीब छह महीने बाद एक महिला अचानक घर पहुंची और खुद को युवक की पहली पत्नी बताया।
पीड़िता के मुताबिक यह सुनकर वह हैरान रह गई। पहली पत्नी ने घर पहुंचकर हंगामा किया और उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद आरोपी युवक अपनी पहली पत्नी के साथ घर छोड़कर चला गया और पीड़िता को अकेला छोड़ दिया।
महिला का आरोप है कि पति के जाने के बाद उसका देवर उस पर दबाव बनाने लगा कि उसका भाई अब उसे नहीं रखेगा, इसलिए वह उसके साथ रहने लगे। विरोध करने पर देवर ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म की कोशिश भी की।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि 17 जुलाई 2025 को देवर ने अपने भाई, उसकी पत्नी और बेटी को घर बुलाया। अगले दिन चारों लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। किसी तरह उसके ससुर ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद महिला अपने भाई के साथ थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, देवर, पहली पत्नी और उसकी बेटी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।