
चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा युवक, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
बरेली। जिले में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान थाना भुता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 6 मार्च की सुबह थाना भुता पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम खरगापुर निवासी सुधीर सिंह पुत्र पृथ्वीराज सिंह को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और 315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तारी सुबह करीब 7:50 बजे की गई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह तमंचा और कारतूस शौक के तौर पर अपने पास रखे हुए था। इस मामले में थाना भुता में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अखिल प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार शर्मा और हेड कांस्टेबल राजपाल सिंह शामिल रहे।