
होली से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: 1191 किलो सरसों तेल सीज, 580 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट
बरेली! होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, बरेली ने गुरुवार को जिले भर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में कुल 10 खाद्य नमूने लिए गए, भारी मात्रा में सरसों का तेल सीज किया गया और सैकड़ों किलो संदिग्ध पनीर नष्ट कराया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी बरेली के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी/सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।
1191 किलो सरसों का तेल सीज
राजेंद्र नगर, मीरगंज स्थित मैसर्स ऋद्धि इंटरप्राइजेज से सरसों के तेल के दो नमूने लिए गए तथा 1191 किलोग्राम सरसों का तेल (अनुमानित मूल्य ₹1,77,700) सीज किया गया।
580 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट
सबसे बड़ी कार्रवाई पनीर को लेकर की गई। आनंद विहार कॉलोनी स्थित प्रतिष्ठान से 48 किलो कचरी (मूल्य ₹1,920) सीज की गई।
शंकरपुर स्थित मैसर्स अमन स्वीट्स हाउस से 18 किलो खोया (मूल्य लगभग ₹5,400) नष्ट कराया गया।
चौबेपुर (कानपुर नगर) में 786 किलो घटिया गुणवत्ता का पनीर पकड़ा गया, जिसे जनहित में नष्ट कराया गया।
जांच के बाद बरेली की सब्जी मंडी स्थित रौनक ट्रेडर्स पर छापेमारी में 580 किलो संदिग्ध पनीर बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया
बताया गया कि यह पनीर कानपुर नगर की एक ट्रेडिंग कंपनी को ₹150 प्रति किलो की दर से बेचा गया था। मामले में संबंधित आपूर्तिकर्ताओं की भी जानकारी जुटाई गई है और संबंधित जनपदों को सूचना दे दी गई है।
अन्य नमूने भी लिए गए
विजय ट्रेडर्स से हल्दी पाउडर एवं रंगीन चिप्स के नमूने, बीसी ट्रेडर्स फरीदपुर से घी का नमूना संग्रहित किया गया। सभी नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला को भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान रहेगा जारी
जिलाधिकारी बरेली ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आम जनता को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
