
R.N. टैगोर इंटर कॉलेज में चार अत्याधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ
मेजर जनरल आई.एस. गिल ने किया लोकार्पण, बोले— नई तकनीक से संवरेंगे विद्यार्थियों के सपने
कलाकृति स्टूडियो से लेकर एआई ड्रोन लैब तक, छावनी क्षेत्र के स्कूल में बड़ी पहल
‘विकसित भारत’ की ओर कदम: बरेली छावनी में शिक्षा को मिला हाईटेक आयाम
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। छावनी क्षेत्र स्थित R.N. Tagore Inter College में बुधवार को भव्य एवं गरिमामय समारोह के बीच चार नई अत्याधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि मेजर जनरल आई.एस. गिल, VSM, चीफ ऑफ स्टाफ, मुख्यालय उत्तर भारत (HQ Uttar Bharat) ने फीता काटकर कलाकृति स्टूडियो, नवचेतना लाइब्रेरी, एआई एंड रोबोटिक्स लैब तथा एआई ड्रोन लैब का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक पुष्प सज्जा से सजाया गया था। विद्यार्थियों और शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
अपने संबोधन में मेजर जनरल आई.एस. गिल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक आधारित नवाचार समय की आवश्यकता है। इस तरह की पहलें विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक प्रयोगशालाएं और रचनात्मक मंच बच्चों की प्रतिभा को नई दिशा देते हैं।
समारोह में ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह, YSM की विशिष्ट उपस्थिति रही। वहीं छावनी बोर्ड के नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
बरेली छावनी बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि कलाकृति स्टूडियो विद्यार्थियों की सृजनात्मक क्षमता को निखारने का मंच बनेगा, जबकि नवचेतना लाइब्रेरी ज्ञान और अध्ययन का आधुनिक केंद्र होगी।
उन्होंने कहा कि एआई एंड रोबोटिक्स लैब और एआई ड्रोन लैब विद्यार्थियों को 21वीं सदी की अत्याधुनिक तकनीकों से जोड़ेंगी और उन्हें नवाचार, अनुसंधान व प्रयोगधर्मिता के लिए प्रेरित करेंगी। यह पहल ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
कार्यक्रम में छावनी बोर्ड के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।
