
कर्तव्यहीनता पर सख्त एक्शन: 6 पुलिसकर्मी निलंबित, रिक्रूट को चयन निरस्तीकरण नोटिस
एलआईयू की गोपनीय जांच में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते मिले कुछ आरक्षी
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। जनपद में अनुशासनहीनता और अनाधिकृत अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। गैरहाजिरी और अन्य गंभीर आरोपों के संज्ञान में आने पर तीन आरक्षी और तीन मुख्य आरक्षियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक रिक्रूट आरक्षी को चयन निरस्तीकरण का नोटिस जारी किया गया है।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली में तैनात आरक्षी कृष्ण गोपाल 25 नवंबर 2025 से स्वीकृत उपार्जित अवकाश पर गए थे। अवकाश समाप्त होने के बाद 9 दिसंबर 2025 को ड्यूटी पर उपस्थित न होकर लगातार अनाधिकृत रूप से गैरहाजिर रहे। इसी तरह सिंगल विंडो में तैनात आरक्षी केशव कुमार 18 जनवरी 2026 से 30 दिन के अवकाश पर गए थे, लेकिन 17 फरवरी 2026 को भी ड्यूटी पर नहीं लौटे। वहीं आरक्षी प्रशांत कुमार 22 जनवरी 2026 को छह दिन के आकस्मिक अवकाश पर गए थे और 29 जनवरी को उपस्थित न होकर लगातार गैरहाजिर रहे। तीनों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है।
रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षी अभिषेक सिंह 24 अगस्त 2025 को दो दिन के आकस्मिक अवकाश पर गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। लगातार गैरहाजिर रहने पर उनके चयन निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एलआईयू विभाग की गोपनीय जांच में संबंधित आरक्षी और रिक्रूट प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते पाए गए।
इसके अलावा मुख्य आरक्षी सुरजीत सिंह की ड्यूटी 22 नवंबर 2025 को राज्यपाल की फ्लीट में लगी थी, लेकिन वे बिना अनुमति गैरहाजिर रहे। मुख्य आरक्षी संजीव कुमार 9 दिसंबर 2025 को बंदी पेशी सेशन हवाला ड्यूटी पर समय से उपस्थित नहीं हुए और अनाधिकृत रूप से गैरहाजिर पाए गए। थाना फतेहगंज पूर्वी में तैनात मुख्य आरक्षी रविंद्र सिंह पर शराब सेवन, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और ड्यूटी के दौरान दुर्व्यवहार जैसे गंभीर आरोप सामने आए। परीक्षा स्ट्रांग रूम ड्यूटी के दौरान शराब सेवन कर चौकीदार से अभद्रता करने की शिकायत भी मिली। इन तीनों मुख्य आरक्षियों को भी निलंबित कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।