
बरेली छावनी में सजेगा भारतीय हस्तकला उत्सव, 50 से अधिक स्टॉल पर दिखेगी देश की सांस्कृतिक विरासत
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। भारतीय कला और शिल्प की समृद्ध परंपरा को नया मंच देने के उद्देश्य से बरेली छावनी में 25 फरवरी से 03 मार्च 2026 तक “भारतीय हस्तकला उत्सव – हस्तशिल्प प्रदर्शनी” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी Export Promotion Council for Handicrafts (EPCH) द्वारा आयोजित की जा रही है, जिसे Office of the Development Commissioner (Handicrafts), भारत सरकार का सहयोग प्राप्त है।
इस आयोजन की प्रेरणा Bareilly Cantonment Board की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन से मिली है। उनका उद्देश्य देशभर के हस्तशिल्प कारीगरों को एक सशक्त विपणन मंच उपलब्ध कराना और स्थानीय नागरिकों को भारतीय हस्तकला की विविधता से रूबरू कराना है।
25 फरवरी को होगा भव्य शुभारंभ
प्रदर्शनी का शुभारंभ 25 फरवरी 2026 को प्रातः 11:30 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि बरेली के महापौर डॉ. उमेश जैन होंगे। आयोजन को लेकर छावनी क्षेत्र में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया जा रहा है।
देशभर के कारीगरों की कला एक मंच पर
प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों से आए 50 से अधिक हस्तशिल्प स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां आगंतुकों को—
हस्तनिर्मित साड़ियाँ
लकड़ी के पारंपरिक खिलौने
होम फर्निशिंग उत्पाद
आकर्षक गृह सज्जा सामग्री
पारंपरिक कला एवं शिल्प उत्पाद

जैसी विविध वस्तुएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। हर स्टॉल भारतीय संस्कृति की अलग पहचान और क्षेत्रीय विशेषता को दर्शाएगा।
‘वोकल फॉर लोकल’ को मिलेगा बढ़ावा
यह प्रदर्शनी कारीगरों को सीधे ग्राहकों से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीद को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना भी सशक्त होगी। कारीगरों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा, वहीं उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और प्रामाणिक हस्तशिल्प उत्पाद उचित मूल्य पर मिल सकेंगे।
आयोजकों ने बरेली एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस उत्सव का हिस्सा बनें, भारतीय कला की उत्कृष्टता का अनुभव करें और कारीगरों का उत्साहवर्धन करें।
